शुक्रवार, 26 जनवरी 2018

वसंत ऋतु पर कविता '' शिरोमणि वसन्त ''

   '' शिरोमणि वसन्त ''


जन-मन में गुदगुदी प्रकृति में छाया हर्ष 
शीतल,मंद,सुगन्धित,समीर का पा स्पर्श ,

बीत गया ऋतु शिशिर,आई ऋतु वसन्ती
बड़ी सुहानी मनमोहक,लगे ऋतु वसन्ती ,
प्रकृति का उपहार ले,आयी ऋतु वसन्ती
मन करे मतवाला ये रूमानी ऋतु वसंती ,

फूले गेंदा,गुलाब,सूरजमुखी फूली सरसों
अमुवा के मञ्जर पर मुग्ध कुहुकिनी हरषे ,
कोयल कूके कुहू-कुहू गायें गुन-गुन भौंरे
मयूर नाचें मग्न,उड़तीं तितलियां ठौरे-ठौरे ,

गुलाबी मौसम में मस्ती भर दिए मधुमास
घोल दिए अमृतरस दिशा-दिशा ऋतुराज ,
भर दिए नथुने मधुमाती स्नेहिल सुगन्ध से
नव सिंगार कर इठलाती प्रकृति उद्दंड से ,

छजें टहनियां हरित पल्लव के परिधान में
धरा लगती नवोढ़ी दुल्हन धानी लिबास में ,
मखमली चादर लपेटे धरित्रि अंग-अंग पर
मानव मन मुग्ध झूमे वसन्त के सौन्दर्य पर ,

वृक्ष,लतायें और पुहुप सज-धज प्रफुल्ल हैं
भ्रमरे करें अठखेलियां पी मकरंद टुल्ल हैं,
प्रकृति पूरे यौवन पर डुबी हास-विलास में
चारों तरफ वसंतोत्सव मन रहे उल्लास में। 

                                    शैल सिंह

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

होली पर कविता

होली पर कविता ---- हम उत्सवधर्मी देश के वासी सभी पर मस्ती छाई  प्रकृति भी लेती अंगड़ाई होली आई री होली आई, मन में फागुन का उत्कर्ष अद्भुत हो...